- सीडीओ ने सिंभालका में चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शुक्रवार को शामली ब्लॉक के गांव ताजपुर सिंभालका के कंपोजिट विद्यालय में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। खंड विकास अधिकारी ने ग्राम में कराए गए विकास कार्य, पेंशन योजनाओं, हैंड पंप अधिष्ठापन के संबंध में अवगत कराया। ग्रामीण भोपाल सिंह ने बताया गया कि उनकी ट्यूबवैल पर विद्युत कनेक्शन की समस्या है जिसके संबंध में मौके पर उपस्थित जेई को निर्देशित किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम से जा रही मुख्य सड़क मेरठ-करनाल रोड पर जाती है जिसमें बहुत गड्ढे हो गए है और दुर्घटना होने आशंका बनी हुई है।
वहीं ग्राम में तालाब के ऊपर विधुत तारों के जर्जर होने के संबंध में बताया गया, ग्रामीणों ने गन्ने का भुगतान समय से न होने के संबंध में भी शिकायत की। कुछ किसानों ने किसान सम्मान निधि का भुगतान नहीं होना बताया गया। वहीं आपूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी ने अवगत कराया कि राशन की सप्लाई समय की जा रही है तथा अन्त्योदय राशन कार्ड तथा पात्र ग्रहस्थी कार्ड की पात्रता के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। सीडीओ ने ग्रामीणों को जल संरक्षण, गौवंश के संरक्षण के संबंध में जानकारी दी तथा टंकी कनेक्शन जल मूल्य ग्राम पंचायत में समय से जमा करने का आहवान किया गया।
चौपाल में ब्लॉक प्रमुख पति जयदेव मलिक, खंड विकास अधिकारी पुनीत कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. रजत चौहान, पूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी, विकास खंड कार्यालय के समस्त सहायक विकास अधिकारी एंव समस्त सचिव उपस्थित रहे।

