- किसान ने 10 बीघा फसल पर चलाया ट्रैक्टर, महिलाओं ने भी खोला मोर्चा
जनवाणी संवाददाता |
हल्दौर: क्षेत्र के गांव कुंडा ताहरपुर में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता चौ. पुष्पेंद्र सिंह ने कृषि कानून के विरोध में अपनी 10 बीघा खड़ी गेहूं और सरसों की फसल ट्रैक्टर से जोत दी। वहीं गांव की महिलाओं ने भी कृषि कानूनों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।
रविवार को क्षेत्र के गांव कुंडा ताहरपुर निवासि किसान नेता पुष्पेंद्र ने भारतीय किसान यूनियन के संघटन मंत्री चौधरी राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में कृषि कानून का विरोध करते हुये अपने खेत में खड़ी 10 बीघा गेहूं और सरसों की मिश्रित फसल को ट्रैक्टर और हैरों से जोत कर बर्बाद कर दी।
किसान का आरोप है कि एक तरफ सरकार अपने मनमाने तरीके से तीनों कृषि विधायकों को उन पर थोपना चाहती है। दूसरी तरह चीनी मिलों ने किसानों के गन्ने का समस्त बकाया भुगतान अभी तक नहीं किया है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
खाद्यान्न के दलालों और बिचौलियों की जमकर मौज आ रही है। ऐसे में मजबूर किसान के पास अपनी फसल बर्बाद करने के सिवा कोई चारा नहीं है। उक्त किसान ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक सरकार किसान विरोधी बिलों को वापस नहीं लेती तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
मौके पर भाकियू हल्दौर ब्लॉक उपाध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, जय चौधरी, समर पाल, तारा सिंह, मलखान, दिलावर प्रधान, राजपाल समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे। गांव की किसान महिलाओं ने भी कृषि बिलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

