- दूसरी कार भी आई चपेट में, जलकर राख
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आजकल आए दिन कारों को लेकर हादसे लगातार हो रहे हैं। कभी चलती कार में आग लग रही है तो कहीं पर सीएनजी फिलिंग के दौरान ब्लास्ट हो रहा है। सोमवार को गंगानगर थानांतर्गत गुर्जर चौक पर कार में एलपीजी फिलिंग के दौरान हादसा हो गया। कार में ब्लास्ट होने के कारण एक महिला झुलस गई। एक अन्य कार भी चपेट में आ गई और वह पूरी तरह से जल गई।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। कार में ब्लास्ट की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आनन-फानन में करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तब तक दोनों कार जल चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का पता चलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने कार चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। आग में झुलसने वाली महिला का नाम राजेश (75) पत्नी स्व. रामकुमार है। महिला का दामाद सुनील पुत्र महेशचंद रिफिलिंग का काम करता है। शाम करीब छह बजे ये हादसा हुआ है।

आग से आसपास के घरों में बिजली व अन्य वायरिंग जल गई। इस घटना के बाद से काफी देर तक लोगों के दिलों में दहशत बनी रही। जिसने भी इस हादसे को देखा उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया था और लोग भागकर काफी दूर चले गए थे।

