जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद के थाना फतेहपुर क्षेत्र के छुटमलपुर स्थित हरिजन कॉलोनी में मंगलवार को मायके आई एक महिला की कथित रूप से उसके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मीनू पुत्री बालकिशन के रूप में हुई है, जो इन दिनों अपने मायके हरिजन कॉलोनी, छुटमलपुर आई हुई थीं।
आरोप है कि उनके पति सन्नी सैनी पुत्र रमेश सैनी, निवासी ग्राम राजापुर, थाना फतेहपुर ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व हुई थी और दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद एवं मनमुटाव चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

