जनवाणी संवाददाता |
गागलहेड़ी: आंगनबाड़ी कार्यकताओं और पोषाहार की आपूर्ति करने वाले की मिलीभगत महिलाओं और गर्भ में पल रहे शिशुओं की सेहत पर भारी पड़ रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं को दिये जा रहे पोषाहार में मिलावटी खाद्य पदार्थ उनकी सेहत को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
ब्लॉक पुवांरका के मोहद्दीनपुर की महिला शाहिस्ता ने शोसल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा दिए जा रहे राशन में मिट्टी की डलियों की मिलावट हो रही है। जिसे साफ करके वह खाने को मजबूर हैं। अनाज, व दाल में काफी मात्रा में मिट्टी मिली हुई वीडयो में दिखाई दी। जहां एक ओर सरकार यह दावा कर रही है कि आंगनवाड़ीयो में दिए जाने वाले राशन की पहले जांच की जाएगी वही दूसरी ओर आंगनवाड़ीयो में खुल्लम खुल्ला गेहू, दाल में मिलावट देखने को मिल रही है।
यह राशन महिलाओं व बच्चों को नुकसान पहुंचा सकता है। मोहद्दीपुर गांव की सायमा, शाइस्ता, सोनम, सबनम, गुलिस्ता, समा परवीन ने भी आंगनवाड़ी द्वारा दिए जा रहे मिलावटी राशन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जितना राशन मिल रहा उससे ज्यादा तो उसमें मिट्टी मिली होती है।
इसमें साफ करने के बाद कुछ नहीं बचता है, आलाधिकारियों से इस सबन्ध में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की जांच के बगैर कुछ नहीं कहा जा सकता। अन्न को इस तरह मिट्टी की डलियां मिलाकर फर्जी तरीके से बदनाम करने के लिए भी किया जा सकता है।

