- सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है नदियों को साफ रखना: मण्डलायुक्त
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: मण्डलायुक्त संजय कुमार ने कहा कि अगर हम समय रहते नहीं जागे तो एक दिन भूगर्भ जल भी प्रदूषित हो जायेंगा। उन्होंने कहा कि भूगर्भ जल स्रोतों को प्रदूषित करने वाली इकाइयों तथा लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही की जाए, क्योंकि यह मानवता के विरुद्ध अपराध है।
उन्होंने कहा कि नदियों को साफ-स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है। उन्होंने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति की प्रतीक है। हजारों साल की आस्था और विश्वास की पूंजी है। देश की अमृत रेखा व मोक्षदायिनी है। उन्होंने कहा कि नदियों को जीवित रखने के लिए प्रवाह जरूरी है तथा अविरलता से ही निर्मलता प्राप्त होगी।
संजय कुमार आज मुजफ्फरनगर जनपद की जानसठ बैराज से हाफ गंगा मैराथन के पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने गंगा की अविरलता एवं स्वच्छता के लिए सभी को गंगा की सफाई रखने की शपथ दिलाई।

प्रातः 6ः45 बजे मण्डलायुक्त न 25 कि.मी. लम्बी पुरूष व 10 कि.मी. लम्बी महिला प्रतियोगिता की शुरूआत की। हाफ गंगा मैराथन में 31 जनपदों के 250 पुरूष तथा महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान के रूप में 51 हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 35 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपए का नगद पुरस्कार व प्रमाण पत्र वितरित किये गये। प्रतियोगिता में चतुर्थ से दसवें स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को भी 5-5 हजार रूपए का नगद पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
हाफ गंगा मैराथन के पुरूष वर्ग में सहारनपुर के प्रिंस कुमार, द्वितीय स्थान पर वाराणसी के वासूदेव, तृतीय स्थान पर मुजफ्फरनगर के रिनु कुमार रहे तथा महिला वर्ग में मेरठ की ज्योति ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि द्वितीय स्थान पर प्रयागराज की सविता पाल तथा तृतीय स्थान पर मुजफ्फरनगर की अर्पिता रही। मिशन शक्ति अभियान के अवसर पर तीन अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों एथेलटिक्स में सुश्री रीतू दिनकर, शूटिंग में सुश्री नेहा तोमर तथा जूडो में सुश्री प्रीति को भी सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र उपेन्द्र अग्रवाल, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर सेल्वा कुमारी जे., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, सीडीओ आलोक कुमार यादव, एडीएम अमित कुमार, उ0प्र0 एथलेटिक संघ के उपाघ्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी प्रेम कुमार तथा नामामि गंगें के प्रतिनिधि अरविन्द राठी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

