जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह आज सोमवार को शताब्दी एक्सप्रेस से चलकर दोपहर 12:30 बजे राजधानी पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर मंच सजाया जा रहा है। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने चारबाग से लेकर पार्टी कार्यालय तक के मार्ग को होर्डिंग और झंडों से भगवामय कर दिया है। जानकारी के अनुसार अभी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह अभी दिल्ली में हैं। लखनऊ पहुंचने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने रविवार को बताया कि अध्यक्ष के स्वागत व पदभार ग्रहण कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों को सजा दिया है। चारबाग से अटल चौक तक यात्रा मार्ग में पार्टी के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग, निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह समूह में पुष्प वर्षा व मालाएं पहनाकर अगवानी करेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राजधानी लखनऊ आगमन पर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका में माल्यार्पण करके पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व शुभचिंतकों के साथ भाजपा राज्य मुख्यालय की ओर बढ़ेंगे। मार्ग में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के पश्चात लोकभवन में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ नमन करेंगे। यात्रा मार्ग में महारानी अवंतीबाई, अटल चौक स्थित भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे।

