- कहा शवदाह गृह बनवाने, गौशाला में चारे का हो प्रबंध
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: गुरुवार को क्षेत्र के गांव तितरवाड़ा के दर्जनों युवाओं ने तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उनके गांव में करीब दो वर्ष पूर्व ग्रामीणों से 15 बीघा भूमि किराए पर लेकर युवाओं के खेलने के लिए क्रीड़ा स्थल बनाया गया है। जिसके विकास एवं सौंदर्यीकरण में सरकारी स्तर पर कोई मदद नहीं मिल रही है। न ग्राम पंचायत इस ओर कोई ध्यान दे रही है।
इस कारण युवाओं को अभ्यास के लिए भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में श्मशान घाट पर शवदाह गृह बना हुआ है, जो जर्जर हालत में हैं। गांव में मामौर रोड पर बने निकासी के कच्चे नाले के अटे होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं। उन्होंने क्रीड़ा स्थल का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराने, श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण कराकर नया शवदाह गृह बनवाने तथा नाला निर्माण कराये जाने की मांग की है।
वहीं, युवाओं के साथ पहुंचे गौसंरक्षक समिति तितरवाड़ा के कार्यकतार्ओं ने भी एसडीएम को पत्र दिया। उन्होंने बताया कि गांव में पिछले तीन माह से सरकारी गौशाला की ओर ग्राम सचिव की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गौशाला में चारे का संकट है, जिस कारण गोवंश भूख से मरने के कगार पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने चारे की व्यवस्था कराने की मांग की है।
इस दौरान राजेंद्र कुमार, सचिन, मुकेश कुमार, बिजेंद्र कुमार, संदीप कुमार, नरेंद्र कुमार, सोनू चौहान आदि मौजूद रहे।

