जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मिर्जापुर-रीवा फोरलेन सड़क मार्ग पर पतुलकी गांव के सामने मंगलवार की सुबह वाराणसी से कर्नाटक जा रहे बाइक सवार की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।
टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई और दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
मंगलवार को पतुलकी गांव के सामने फोरलेन सड़क पर कर्नाटक जा रहे बाइक सवार की आमने-सामने टक्कर से लालगंज थाना क्षेत्र के मुंशीपुर गांव निवासी श्रीनारायण चौबे(38) पुत्र शिव शंकर चौबे की घटनास्थल पर मौत हो गई।
वहीं कर्नाटक आरएस मुर्गन कंपाउंड वागीश निवासी विद्याभूषण(23) और उनके साथ जा रहे गांव के दिलीप कुमार(22) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के परिजनों ने बताया कि श्रीनारायण घर के किसी एक व्यक्ति को प्रयागराज उपचार के लिए लालगंज से गाड़ी पर बैठाने गए थे। उसके बाद वह वापस आ रहे थे लेकिन पतुलकी गांव के पास हादसे में उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। वहीं घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में किया गया। मौत की खबर लगते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।

