- भीषण आग से लाखों रुपये का नुकसान दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: टीपीनगर थाना क्षेत्र स्थित भोला रोड पर शुक्रवार देर रात में एक किराना की दुकान में आग लग गई। आग से दुकान के अंदर सो रहे युवक की झुलसने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को आग की सूचना दी। मौके पर पहुंची तीन गाड़ियों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। इसके बाद युवक का शव बाहर निकाला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

भोला रोड स्थित माता वाली गली के रहने वाले शंकर यादव पुत्र अमर सिंह का राज प्रोविजन स्टोर है। शुक्रवार रात में शंकर यादव का बेटा (48) ललित यादव दुकान में सोया हुआ था। देर रात में अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक ललित कुछ समझ पाता कि वह आग की लपटों में घिर चुका था। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर मौके पर लोग जमा हो गए और दमकल विभाग को आग की सूचना देते हुए आग को बुझाने का प्रयास किया।
वहीं, सूचना मिलते ही ललित यादव के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बेटे के अंदर होने का पता चलने पर वहां कोहराम मच गया। आग इतनी भीषण थी कि वह बेकाबू होती चली गई। आग की सूचना मिलने के बाद एक-एक कर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ललित यादव की मौत हो चुकी थी। वहीं, शंकर यादव का कहना था कि आग से दुकान में बेटे की मौत के साथ लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया। वही आग लगने का कारण नहीं पता चल पाया है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

