जनवाणी संवाददाता |
नानौता: दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर नानौता क्षेत्र में एक कार और बाइक की जोरदार भिडंत हो गई। राहगीरों की मदद से बाईक सवार घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
हादसा रविवार की दोपहर करीब चार बजे नानौता के सहारनपुर मार्ग पर संजय चौक से करीब 300 मीटर की दूरी पर घटित हुआ। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र नानौता के गांव बाबूपुरा निवासी रोहित पुत्र रमेश बाईक पर नानौता से अपने गांव जा रहा था। संजय चौक से कुछ दूरी पर निकलते ही सडक के दूसरी ओर जा रही गाडी से उसकी भिडंत हो गई।
बताया जाता है कि कार में सवार जलालाबाद निवासी परिवार को देवबंद जाना था, परंतु वें रास्ता भटककर सीधे सहारनपुर की तरफ जा पहुंचे। जहां कुछ दूर चलने पर उन्हें गलत रास्ता होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने हाईवे के बीच बनाए गए यू-टर्न के रास्ते से अपनी गाडी मोडने का प्रयास किया।
इसी दौरान यह हादसा हो गया। कार में टकराने से बाईक सवार बुरी तरह जख्मी हो गया और कार भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की मदद से घायल बाईक सवार रोहित को अस्पताल भेजा गया, जहां से उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

