- चुनावों में खपाने को लाई जा रही थी अवैध शराब
जनवाणी संवाददाता |
कैराना/कांधला: कांधला और कैराना पुलिस ने हरियाणा बार्डर और यमुना खादर क्षेत्र से चेकिंग के दौरान 35 पेटी हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से अंग्रेजी शराब के साथ कच्ची शराब और देशी शराब समेत यूरिया व कार बरामद की है।
कांधला थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि कांधला पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांव इस्सोपुरटील से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से 20 पेटी अवैध देशी शराब हरियाणा मार्का, 35 लीटर कच्ची शराब, एक किलोग्राम यूनिया एवं तस्करी में प्रयुक्त डस्टर कार दो फर्जी नंबर प्लेट सहित गिरफ्तार किया है।
तस्करों ने अपने नाम नवीन पुत्र प्रमोद निवासी नगवा थाना खजनी जनपद गोरखपुर और रिंकू पुत्र धर्मवीर निवासी बापौली पानीपत हरियाणा बताए हैं। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं कैराना कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि बुधवार की शाम को पुलिस यमुना ब्रिज पर चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस ने हरियाणा की तरफ से आ रही एक वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली। कार से 15 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का व 10 लीटर रेक्टिफाइड शराब बरामद की।
वहीं मौके से पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त की जा रही वैगरआर कार बरामद की। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर राकेश निवासी ताडवाल माजरी थाना समालखा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो शराब तस्कर अमित उर्फ काला निवासी ग्राम कंडेला थाना कैराना व कपिल निवासी रामदास कॉलोनी थाना बागपत फरार हो गए।

