- तेजाब डालकर चेहरा झुलसाने की देता है धमकी
- आते-जाते करता है छेड़छाड़, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: योगी सरकार में एक ओर जहां मनचलों पर शिकंजा कसने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरनगर में छेड़छाड़ की घटनाओं में बढोत्तरी हो रही है। एक मनचले आशिक के डर से एक छात्रा का स्कूल छूट गया। सिरफिरे आशिक ने छात्रा को धमकी दी है कि यदि उसने उससे बात नहीं की, तो वह तेजाब डालकर उसका चेहरा खराब कर देगा। छात्रा के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Weekly Horoscope: क्या कहते हैं आपके सितारे साप्ताहिक राशिफल 27 मार्च से 2 अप्रैल 2022 तक || JANWANI
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी नवीं कक्षा की छात्रा है। आरोप है कि मोहल्ला का ही एक युवक उसकी पुत्री को आते-जाते परेशान करता है। आरोपी ने छात्रा को धमकी दी है कि यदि उसने उससे बात नहीं की, तो वह तेजाब डालकर उसका चेहरा झुलसा देगा। आरोपी युवक द्वारा दी गई धमकी से छात्रा व उसका परिवार सहमा हुआ है।
पीड़ित ने बताया कि उसकी पुत्री ने इस सिरफिरे से पीछा छुड़ाने के लिए उसे अस्सी हजार रूपये भी दिये, ताकि वह उसका पीछा करना छोड़ दे, परन्तु आरोपी कुछ दिन शांत रहा, उसके बाद उसकी हरकतें फिर शुरू हो गयी। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा की अश्लील वीडियो एडिट कर छात्रा के परिजनों व रिश्तेदारों के पास भेज दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

