- पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
- अवैध तमंचे समेत चोरी की वारदार में प्रयोग किए जाने वाले यंत्र बरामद
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: गांव भायला स्थित स्टेट बैंक की शाखा में चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ३१५ बोर का तमंचा और चोरी की वारदात में प्रयोग किए जाने वाले यंत्र भी बरामद किए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गांव भायला कलां स्थित स्टेट बैंक की शाखा में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा बैंक का ताला काटकर चोरी का प्रयास किया गया। घटना के सम्बंध में शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मुख्बिर की सूचना पर गांव के ही निकट जंगल में संदिग्ध अवस्था में मौजूद एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए पूछताछ की।
जिसमें पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान थाना बडगांव के गांव नूनाबड़ी निवासी भूरा उर्फ आसिफ के रूप में कराई। साथ ही बैंक का ताला काटकर चोरी के प्रयास की घटना को भी कुबूल किया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से 315 बोर का तंमचा, एक हथौड़ा, आरी, पिलास, पैंचकस, पाइप रिंच और दो छोटी चाबियां बरामद होने का भी दावा किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

