- एग्जॉस्ट फैन को तोड़कर दुकान में घुसे चोर
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित सोना चांदी की गलाई की एक दुकान में चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपए का सोना और चांदी चोरी कर लिया। पीड़ित ने शामली कोतवाली में तहरीर दी है।
मूल रूप से महाराष्ट्र राज्य के जनपद सांगली के गांव ख़िरवा निवासी जगन्नाथ पुत्र आनंद शामली शहर के जैन मोहल्ला में रहते हैं। जगन्नाथ की शहर में पुरानी सब्जी मंडी निकट मंदिर ठाकुरद्वारा के पास सोना चांदी की गलाई की दुकान है। शनिवार की सुबह को 8:30 बजे जब जगन्नाथ अपनी दुकान पर पहुंचा तो दुकान में लगे एग्जॉस्ट फैन टूटा पड़ा था।
दुकान में रखा करीब 3 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी गायब थी। सोना चांदी की कीमत डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए छानबीन की। जगन्नाथ ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

