
भाषणा गुप्ता |
अक्सर युवा लड़कियां अपने व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाने हेतु अपने चेहरे व कपड़ों पर ही ध्यान देती हैं पर वे अपने बैठने, खड़े होने व चलने के अंदाज को नजरअंदाज कर देती हैं लेकिन व्यक्तित्व को आकर्षक बनाने के लिए सही ढंग से उठना-बैठना, चलना व खड़े होना भी बहुत जरूरी है।
एयर होस्टेस, मॉडल्स व सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली लड़कियों को सही बॉडी मूवमेंट की खास टेÑनिंग लेनी पड़ती है। वैसे कई फिनिशिंग स्कूल्स व पर्सनल ग्रूमिंग सेंटर्स में भी लड़कियां इस तरह की टेÑनिंग लेती हैं। इन सेंटरों में कार में बैठने का ढंग व सीढ़ियों पर चढ़ने-उतरने का ढंग भी सिखाया जाता है।
सही बॉडी मूवमेंट सिर्फ व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाने के लिए ही नहीं अपितु स्वस्थ रहने हेतु भी बहुत आवश्यक है। यदि आप कंधे झुकाकर चलती हैं तो आपको स्पांडिलाइटिस की शिकायत हो सकती है और यदि आप घंटों तक एक ही तरफ झुकी रहें तो गर्दन टेढ़ी होने का भय रहता है। रीढ़ की हड्डी सीधी न रखी जाए तो कमर में दर्द होने की पूरी संभावना रहती है।
अपने सही पोस्चर को परखने के लिए दीवार के सहारे सीधी खड़ी हो जाएं। आदमकद शीशे के सामने आसानी से आप अपने पोस्चर को परख सकती हैं। पैरों को दीवार से तीन इंच दूर रखें। दोनों पैरों में छह इंच की दूरी रखें।
सिर व कंधों को दीवार से सटा लें। पेट को अंदर की तरफ ले लें, कूल्हों तथा घुटनों को एक सीध में रखें और पांवों को नब्बे डिग्री के कोण पर रखें। दोनों हाथों को सीधे साइड में रखें।
जब आप चलती हैं तो देखें कि कहीं आप पैर तो नहीं घसीट रहीं या फिर आपके कंधे तो नहीं झुके हुए। अपनी चाल का मुआयना करने के लिए सिर पर पुस्तक रखकर सीधे चलने की कोशिश करें। न बहुत तेज चलें, न धीरे। कंधों को आगे की ओर झुकाकर न चलें। जब मुड़ें तो आराम से मुड़ें, झटके से नहीं। जब खड़ी हों तो एक पांव पर ही बोझ न डालें बल्कि दोनों पांवों पर बराकर बोझ डालें।
कुर्सी पर बैठें तो रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें। काम करते हुए भी गर्दन व रीढ़ की हड्डी को सीधा ही रखे। कार में बैठते हुए भी ध्यान से व सही ढंग से बैठें।
सीढ़ियों पर चढ़ते व उतरते वक्त पांव, कमर व गर्दन को सीधी रखें। आपकी नजर सीढ़ियों पर होनी चाहिए। सही पोस्चर के लिए चप्पल का भी सही पहनना आवश्यक है। न तो अधिक हाई हील पहनें व न ही चपटी चप्पल पहनें। पेंसिल हील को भी नजरअंदाज करें। सदैव एक ही चप्पल पर निर्भर न रहें। थोड़ा बदलाव लाती रहें चप्पल में।
सदैव अपने पोस्चर को ध्यान में रखते हुए ही बैठे-उठें। खड़े होते समय, चलते समय, सीढ़ियों पर चढ़ते उतरते समय ख्याल रखें कि आपका पाश्चर कैसा है। यदि आपको महसूस हो कि आपका पोस्चर सही नहीं है तो अभ्यास करे। थोड़े दिनों के बाद ही आपका बॉडी मूवमेंट सही हो जाएगा।

