- 11 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम
जनवाणी संवाददाता |
शामली: आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक जनपद के हर घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहरेगा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम के निर्देशानुसार आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी घरों, कार्यालयों, शैक्षणिक, व्यावसायिक, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठिानों आदि में आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ के दौरान राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक भारतीय राष्ट्रीय झंडे को फहराये जाने के निर्देश जारी किये गये हैं।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कृलों, बाजारों, उचित मूल्य की दुकानों, पुलिस थानों, सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालयों, परिवहन विभाग की बसों, स्थानीय मीडिया, सोशल वेबसाइट आदि के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान में विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रभावी कार्यवाही करते हुए हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा।

