- अंबेहटाचांद में घेर में सोते हुए दिया वारदात को अंजाम
जनवाणी संवाददाता |
बड़गांव: थाना क्षेत्र के गांव अंबेहटाचांद में एक किसान की सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने कई वार किए। दिन निकलते ही गांव में हत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। सूचना मिलने से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। सीओ देवबंद व अन्य पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अंबेहटाचांद निवासी किसान मुनेश (48) पुत्र रामपाल सिंह अपने घेर में सोया था। सुबह पड़ोसी एक लड़की चाय लेकर पहुंची तो मुनेश का चारपाई पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला। हत्या की सूचना मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। दिन निकलते ही हत्या की सूचना से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। सीओ देवबंद रामकरण पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा। बाद में एसएसपी डाक्टर विपिन टाडा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस को हत्या के खुलासे के निर्देश दिए। मुनेश अविवाहित था।
सीओ देवबंद रामकरण का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर में फावडा मारकर हत्या करना प्रतीत होता है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा गया है। इस मौके पर ड़ॉग स्क्वाड टीम, क्राइम ब्रांच, फिंगर प्रिंट टीम मौजूद रही। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सतीश की ओर से अज्ञात में तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या काण्ड का खुलासा कर दिया जाएगा।

