- लूटी बाइक और मोबाइल के साथ तमंचे-कारतूस बरामद
जनवाणी संवाददाता |
शामली: बाइक व मोबाइल लूट की घटना में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूट में शामिल बाइक, लूटा गया मोबाइल और तमंचे करतूस बरामद किए हैं।
शामली कोतवाली क्षेत्र में 11 जुलाई को झिंझाना रोड नहर पुल के पास सुल्तान पुत्र मंजूर निवासी शकुरपुर दिल्ली से मोबाइल और बाइक लूट की घटना हुई थी। घटना के संबंध पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। तीन अगस्त को पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने प्रेसवार्ता में बताया कि कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने बाइक व मोबाइल लूट की घटना में लिप्त बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
बदमाशों ने अपने नाम कुनाल शर्मा उर्फ अभिषेक पुत्र मुकेश शर्मा निवासी दयानंदनगर शामली और हाल निवासी गांव रसूलपुर गुजरान कांधला तथा परम कुमार उर्फ आकाश पुत्र प्रवीन कालखंडे निवासी दयानंदनगर शामली और हाल निवासी गांव सिंभालका शमाली बताए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई बाइक व मोबाइल के अलावा अवैध हथियार तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। पूछताछ में कुनाल ने बताया कि 10 जुलाई को बकरीद की रात में नौ बजे वह, सागर और सोनू शर्मा के साथ विजय चौक पर पार्टी कर रहे थे।
तभी सागर ने कहा कि चलो आज ही बाइक व मोबाइल का इंतजाम करते हैं। इसके बाद हम चारो बाइक पर सवार होकर झिंझाना नहर पुल की तरफ चल दिए। रास्ते में सोनू बीयर का इंतजाम करने उतर गया। थोडा आगे चलकर झिंझाना पुल से पहले सड़क के दूसरी साइड में एक बाइक के दो लड़के खडे थे, जिनमें एक लड़का मोबाइल पर बात कर रहा था।
तभी हम तीनों ने उनके पास पहुंचकर उनसे मारपीट कर मोबाइल और बाइक छीन ली और पुल की तरफ से नहर के रास्ते से भाग गए। सोनू बाद में इनसे कैराना नहर पुल पर मिला था। बुधवार को सोनू इनसे बाइक लेने आने वाला था। ये दोनों सोनू और सागर का इंतजार कर रहे थे तभी इन्हे पकड़ लिया।

