- लेखपालों के पास संपत्ति रजिस्टर ना मिलने पर कमिश्नर ने जताई नाराजगी
जनवाणी संवाददाता |
जानसठ: सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर सहारनपुर मण्डल के मंडलायुक्त व डीआईजी ने तहसील परिसर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान लेखपालों के पास संपत्ति रजिस्टर न मिलने से मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी।
जानसठ तहसील परिसर के सभाकक्ष में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडलायुक्त लोकेश एम एवं डीआईजी सुधीर कुमार सिंह ने की। संपूर्ण समाधान दिवस आपूर्ति विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग आदि से संबंधित 28 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी मंडलायुक्त के सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने सबसे ज्यादा सवाल-जवाब बीडीओ संतप्रकाश सिंह और लेखपालों से किए। लेखपालों के पास संपत्ति रजिस्टर ना होने से वे काफी नाराज हुए तथा उन्हें जल्द ही संपत्ति रजिस्टर बनाने का दिशा निर्देश दिया। उसके बाद उन्होंने क्षेत्र की गौशालाओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान मुख्य रूप से एडीएम अरविंद कुमार मिश्रा, एसडीएम अभिषेक कुमार, एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार जसविंद्र सिंह, सीओ जानसठ शकील अहमद, सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी विश्वजीत सिंह, एसडीओ विद्युत रवि कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।v

