- नाई नगला के नवीन के ग्रामीणों का संपूर्ण समाधान दिवस में आरोप
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: क्षेत्र के गांव नाईनगला नवीन में ग्राम प्रधान द्वारा जॉब कार्ड बनाकर ग्राम पंचायत की धनराशि हड़प रहा है। जिस पर ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। गांव नाई नगला नवीन के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव पर फर्जी जॉब कार्ड बनाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब 160 जॉब कार्ड बने हैं जिनमें ग्राम प्रधान व ग्राम प्रधान के भाई, राशन डीलर, भट्ठा मालिक की पत्नी का भी जॉब कार्ड बना है। फर्जी जॉब कार्ड बनाकर ग्राम पंचायत की धनराशि की बंदरबांट की जा रही है।
ढाई वर्ष पूर्व जिला पंचायत द्वारा बनाया गया खड़ंजा पर ग्राम प्रधान व सचिव ने मिट्टी कार्य दिखाकर पैसा हड़प कर लिया है। जिस पर ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा गांव की सड़कों पर जलभराव हो रहा है। मदरसे से ताहिर के मकान तक सड़क पर गंदा पानी व कीचड़ जमा है जिससे आने जाने में लोगों को भारी परेशानी होती है।
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने वालों में मोहम्मद रियाज, रामसिंह, ताहिर, सोमपाल, संतराम आदि शामिल रहे।

