- पुलिस ने चिकित्सक को हिरासत में लिया, बाद में चेतावनी देकर छोड़ा
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: शुक्रवार को तहसील रोड पर खुले में बायो वेस्ट डालने के विरोध में लोगों ने हंगामा कर दिया। कार्रवाई की मांग को लेकर काफी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। लोगों का आरोप था कि बायो वेस्ट के साथ भू्रण भी फेंका गया था। जिसे कुत्ते उठाकर ले गए। हालांकि बाद में चिकित्सक ने भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की बात लिखित में दी। जिसके बाद पुलिस ने चिकित्सक को छोड़ा।
तहसील रोड पर होलिका भवन के निकट नर्सिंग होम बना हुआ है। जिसमें महिला चिकित्सक द्वारा डिलीवरी की जाती है। आसपास के लोगों का आरोप है कि नर्सिंग होम से निकलने वाला बायो वेस्ट सड़क पर खुले में डाला जाता है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आरोप लगाया कि कई बार भू्रण भी यहां खुले में डाले गए। शुक्रवार को भी एक भू्रण बायो वेस्ट के साथ महिला कर्मचारी ने सड़क पर डाल दिया। जिसे कुत्ते उठाकर ले गए। लोगों ने यह देखा तो रोष फैल गया। आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारी व अन्य स्टाफ ने गाली गलौच कर दी।
कार्रवाई की मांग को लेकर काफी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी चिकित्सक को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में चिकित्सक ने लिखित में दिया कि भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं की जाएगी और आरोपी कर्मचारी को भी हटाया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने चिकित्सक को छोड़ा।

