- सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम और एसएसपी ने किया विधि-विधान से शुभारंभ
- मेले को पॉलीथिन मुक्त बनाया जाए, प्रदूषण से बचाने की अपील
जनवाणी संवाददाता |
हस्तिनापुर: गंगा की रेती में लगने वाले चार दिवसीय ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मखदूमपुर मेले का उद्घाटन शनिवार को डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सांसद राजेंद्र अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने संयुक्त रूप से विधि-विधान के साथ यज्ञ में आहुति डालकर व फीता काटकर किया। जिसके बाद मां गंगा की पूजा-अर्चना कर लोगों से मेले के दौरान गंगा को स्वच्छ रखने के लिए पॉलीथिन आदि के प्रयोग पर रोक लगाने और गंगा को प्रदूषित होने से बचाने की अपील की।

सांसद राजेन्द्र अग्रवाल द्वारा गंगा मेला मखदूमपुर का उद्घाटन करते हुए कहा कि मखदूमपुर गंगा घाट मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में डूबकी लगाने आते हैं। श्रद्धालुओं की आवश्यक सुविधाओं को सुलभ तरीके से उपलब्ध कराये जाने के लिए की गयी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखी जाये। सांसद, जिलाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मेले में स्थलीय भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगा मेला पारंपरिक तरीके से मनाया जा रहा है। इस बार गंगा मेले में पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं किया जायेगा। कोशिश यही रहेगी कि इस बार मेला पॉलीथिन मुक्त हो। उन्होंने मेले में बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य व सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष विमल शर्मा, अजीत चौधरी, किशोरपुर प्रधान पति ऋ़षिपाल चौधरी, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र गुर्जर आदि उपस्थित रहे।
नजर नहीं आये गोताखोरों के कैंप
गंगा मेले के दौरान होने वाले हादसो को रोकने के लिए गंगा किनारे गोताखोरों के कैंप शनिवार को उद्घाटन के दौरान कही नजर नहीं आये। न तो जिला पंचायत द्वारा लगाये गये 20 गोताखोरों का कही पता था न ही पीएसी के गोताखोर नजर आ रहे थे।
मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
शनिवार को मेले के उद्घाटन के साथ ही मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। पांच दिन के लिए गंगा पर डेरा जमाने के लिए लोग अपने साथ घरेलु उपयोग के सामान के साथ पशुओं को चारा आदि भी ले जाने में लगे हैं।
मेहमानों ने किया मेजबान का इंतजार
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाट पर आयोजित होने वाले गंगा मेले में शायद ही पहली बार ऐसा हुआ हो जब मेहमान मेजबान इंतजार में घंटों खड़े रहे। डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण लगभग दो बजे कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के उद्घाटन के लिए गंगा किनारे पहुंचे, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी व अन्य नेता घंटों बाद भी उद्घाटन के लिए गंगा घाट पर नहीं पहुंचे।

जिसके चलते डीएम और एसएसपी को लगभग एक घंटे गंगा किनारे जिला पंचायत अध्यक्ष का इंतजार करना पड़ा। एक घंटे बाद जिला अध्यक्ष और सांसद राजेंद्र अग्रवाल मेला स्थल पर पहुंचे। तब जाकर मेले का उद्घाटन और विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

