- न्यायिक अधिकारी निजी आवास से लैपटॉप-एलईडी चोरी
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: कैराना में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्राइवेट मकान के ताले तोड़कर लैपटॉप व एलईडी चोरी कर ली गई। वारदात से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एएसपी ने डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर बारिकी से जांच पड़ताल कर वारदात के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
कैराना-शामली रोड स्थित रामा सिनेमा के सामने अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार किराए के एक आवास में रहते हैं। बताया गया हैं कि न्यायाधीश बीते 13 नवंबर से ट्रेनिंग के लिए बाहर गए हुए हैं। जिस कारण उनके आवास पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने रात्रि में मकान के दो ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। न्यायाधीश के अर्दली चंद्रप्रकाश ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब पौने 11 बजे वह साफ-सफाई के लिए मकान पर पहुंचा तो मकान के मुख्य गेट और कमरे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर कमरे में एक लैपटॉप व एलईडी गायब मिली।
वारदात के संबंध में अर्दली ने पेशकार को अवगत कराया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ अमरदीप मौर्य व कोतवाली कैराना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।

