- जीएसटी टीम के खौफ में बाजार बंद, लॉकडाउन जैसा माहौल
जनवाणी संवाददाता|
हसनपुर लुहारी: गांव हसनपुर लुहारी में सोमवार दोपहर जीएसटी टीम की छापामारी के भय से प्रतिष्ठान बंद हो गए। टीम के खौफ से बंद दुकानों को का देखकर लॉक डाउन सा नजर आया। पिछले कई दिनों से जिले में अलग-अलग स्थानों पर जीएसटी टीम की छापामारी जारी है। सोमवार सुबह दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली थी, लेकिन दोपहर के करीब गांव हसनपुर लुहारी में जीएसटी अधिकारियों के आने की सूचना से सभी दुकानों के शटर धड़ाधड़ नीचे गिरने लगे। एक दूसरे से बिना बात किए दुकानदार दुकान बंद कर भागने लगे। दुकानों के शटर डालकर इधर-उधर दुकानदार खड़े नजर आये। दुकानें बंद होने से सामान की खरीदारी करने बाजार आये लोग काफी परेशान रहे।
व्यापारी एक दूसरे से वाणिज्य कर के अधिकारियों के बारे में जानकारी करते रहे। कुछ व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर अपने घर चले गए। वहीं दूसरी ओर कुछ जीएसटी योजना में पंजीकृत व्यापारी बिना भय के अपने प्रतिष्ठान खोल कर बैठे नजर आए। गांव में जीएसटी अधिकारियों के आने की सूचना पर कई दिनों से स्थानीय दुकानदारों में हड़कंप मच हुआ है। दुकानदार अपनी अपनी दुकानें बंद कर इधर उधर हो गये । देखते ही देखते पूरा बाजार बंद हो गया। शाम पांच बजे के बाद जीएसटी टीम के आने की सूचना झूठी निकली। जिसके बाद बाजार की दुकानो खुली।

