जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: रेल परिचालन को गति प्रदान करने एवं खंड में प्रचलित संरक्षा मानकों का अवलोकन करने के उद्देश्य से आज अपर मंडल रेल प्रबंधकों, उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल जयंत कुमार चौधरी व अश्विनी श्रीवास्तव सहित संरक्षा से जुड़े अन्य अधिकारियों द्वारा लखनऊ-कानपुर रेल खण्ड का निरीक्षण यान की पिछली खिड़की (विंडो ट्रेलिंग) से संरक्षा किया गया। इस रेलखंड के निरीक्षण के दौरान उक्त रेलखंड के मध्य आने वाले स्टेशनों, खंडों और पुलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के साथ-साथ रेल संरक्षा से जुड़े उपकरणों का भी गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मानक नगर स्टेशन पर उपलब्ध संरक्षा अभिलेखों व पैदल उपरिगामी पुल से यार्ड का भी निरीक्षण किया तथा संरक्षा के प्रति कर्मचारियों का ज्ञान, स्टेशन की कार्य प्रणाली के अलावा चल रहे विकासशील कार्यों की समीक्षा की। विंडो ट्रेलिंग’ निरीक्षण के दौरान रेल पथ एवं उसके पास के सभी इंस्टालेशनों जैसे सिगनल, ओएचई, प्लेटफॉर्म इत्यादि का चलती हुई निरीक्षण गाड़ी की पिछली खिड़की से निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान मार्ग मे पड़ने वाले स्टेशनों की साफ़-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं, राइडिंग क्वालिटी विशेष तौर से प्वॉइंट एवं क्रॉसिंग पर ट्रैकज्योमेट्री इंडेक्स में सुधार, ओएचई की स्थिति, मार्ग के लेवल क्रॉसिंग गेटों की स्थिति, मार्ग में आने वाले माइनर व मेजर ब्रिज आदि का अवलोकन किया गया।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में हरौनी, उन्नाव जं व कानपुर पुल बायां किनारा स्टेशनोंपर उपलब्ध संरक्षा अभिलेखों, स्टेशन यार्ड में उपलब्ध पॉइंट, क्रोसिंग, रिले रूम आदि संरक्षा उपकरणों का गहनता से निरीक्षण किया व संरक्षा जुड़े अधिकारियों / कर्मचारियों के ज्ञान की परख की साथ ही रेल संरक्षा के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संरक्षा के दृष्टिगत उक्त रेलखंड के कानपुर पुल बायां किनारा व कानपुर सेंट्रल के मध्य स्थित गंगा नदी पर बने पुल आदि का सघन निरीक्षण किया तथा उनके अनुरक्षण से जुड़े कर्मचारियों के ज्ञान की परख की।

