जनवाणी संवाददाता |
मुज़फ्फरनगर: निकाय चुनाव में ओबीसी वर्ग को आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में लोगों ने प्रदर्शन किया। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय पर धरना देकर अन्य पिछड़ा वर्ग को निकाय चुनाव में आरक्षण दिए जाने की मांग की।
भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने एडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग को आरक्षण दिए बिना निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी न की जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात पर अन्य पिछड़ा वर्ग की जातियों में आक्रोश है। जो भी हालात बने हैं उसके लिए मौजूदा उत्तर प्रदेश सरकार उत्तर-दाई है। बिना आरक्षण तय किए निकाय चुनाव कराने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार ट्रिपल टेस्ट की कार्रवाई पूरी करे
मोहन प्रजापति ने मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा कि सरकार आयोग के माध्यम से ट्रिपल टेस्ट की कार्रवाई पूरी कराए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार मोर्चा की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं करती तो प्रदेश भर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के गुरुवार को हुए प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह, सुखपाल कश्यप, रविंद्र पाल, सुशील कश्यप, सुमित प्रजापति, डॉ. राजवीर प्रजापति, नाहर सैनी, राजन पाल, श्यामसुंदर आदि शामिल रहे।

