- 17 शिकायतों में से तीन का हुआ निस्तारण
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगरायुक्त ग़ज़ल भारद्वाज ने नगर निगम में जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निस्तारण कराएं। मंगलवार को जनसुनवाई में आयी 17 शिकायतों में से 8 शिकायतें पूर्व पार्षदों द्वारा दर्ज करायी गयी। तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया।
आज आने वाली शिकायतों में सीवर ठीक कराने, सड़क व नाला निर्माण, बिजली लगवाने तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने से सम्बंधित रही। नगरायुक्त ने निर्माण सम्बंधी शिकायतों के सम्बंध में अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आगणन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वार्ड 26 मानकमऊके राकेश पुंडीर ने सोडियम लाईट ठीक कराने तथा वार्ड 68 के इमरान सैफी ने एलईडी लाइट लगाने व आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तथा वार्ड 61 आजाद कॉलोनी निवासी शहजाद मलिक ने भी आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए, वार्ड 63 की शाहिन नौशाद ने गलियों के निर्माण व सीवर लाइन ठीक कराने तथा वार्ड 62 शाहबहलोल निवासी जीशान व वार्ड 68 मौहल्ला आली के शाकिर मलिक ने भी सीवर लाईन व ढक्कन आदि ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। वार्ड 27 नाजिरपुरा के विनित कर्णवाल ने आवारा बंदरों को पकड़वाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
वार्ड 33 कलेमन टाउन के सुलेख ने सड़क व नाली निर्माण, वार्ड 54 पुराना घास कांटा के मौ.साजिद, वार्ड 62 पक्का बाग के मौ.आरिफ मंसूरी ने सड़क निर्माण तथा वार्ड 26 मानकमऊ के कलम सिंह धीमान ने नाला निर्माण, वार्ड 39 के प्रदीप उपाध्याय ने स्टार पेपर मिल के निकट सड़क व नाला निर्माण के लिए तथा वार्ड 26 नंदपुरी निवासी बृज मोहन ने पुलिया का निर्माण कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए।
इसके अलावा गुरुद्वारा रोड के संजय ने पाईप लाईन डलवाने, दानिश कॉलोनी के तौकीर अहमद ने पीर माजरा में एलईडी लाईट लगवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। सुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त राजेश यादव सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

