जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जल निगम का जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी के समीप निर्माणाधीन सीवर के मेन हॉल ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। पिछले दो माह से इसका निर्माण चल रहा है, जिसे जल निगम पूरा नहीं कर पा रहा है। जल निगम ठेकेदार से इसमें काम करा रहे हैं, मगर ठेकेदार दो माह के भीतर भी सीवर के मेनहॉल का निर्माण पूरा नहीं कर पाये हैं।
सिर्फ दो माह में इसका गड्ढा ही खोदा जा सका है। यहां पर मुस्लिम क्षेत्र की आधी आबादी का सीवर लाइन का मैन हाल बनाया गया है, जहां सीवर लाइन में पानी डाला जाएगा तथा यहां से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर जल निगम ट्रीटमेंट प्लांट बना रहा है, जहां पर सीवर के पानी को ले जाया जाएगा।
वहीं पर पानी का ट्रीटमेंट किया जाएगा। इसके बाद ही इस पानी को काली नदी में डाला जा सकेगा। सीवर के मेनहॉल के निर्माण से यहां काफी दिक्कत हो रही है। जो तेजी निर्माण में होनी चाहिए थी, वह नहीं हो रही है। निर्माण में विलंब होने से जनता को भी परेशानी हो रही है।
मिट्टी सड़क पर पड़ी है, जिसकी धूल उठ रही है। एक तरफ तो प्रशासन ने तमाम बिल्डरों को नोटिस भेजकर निर्माण बंद करा दिये हैं, वहीं जल निगम अपना निर्माण कर रहा है। यहां धूल खूब उठ रही है, मगर इसको देखने वाला कोई नहीं है।
शायद इससे वायु प्रदूषण नहीं होता, तभी तो जल निगम के निर्माण को नहीं रोका गया है। प्रदूषण फैलाने वालों पर एक करोड़ का जुर्माना करने व पांच वर्ष तक की सजा हो सकती है, मगर इस चेतावनी के बाद भी सरकारी एजेंसी निर्माण नहीं रोक रही है।

