- फातिमा गार्डन में बोरे में बंद मिली थी महिला की लाश
जनवाणाी संवाददाता |
मेरठ: लिसाड़ीगेट थानांतर्गत फातिमा गार्डन में सोमवार को कब्रिस्तान के पास मिली महिला की सिर कटी लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सीओ कोतवाली के नेतृत्व में चार टीमें शिनाख्त कराने के लिये लगाई गई है। वहीं बलिया निवासी एक व्यक्ति ने थाने पहुंचकर दावा किया था कि उसकी पत्नी 23 अक्तूबर से लापता है।
जब पुलिस ने मोर्चरी ले जाकर सिर कटी लाश दिखाई तो व्यक्ति बोला कि हो सकता है उसकी पत्नी की लाश हो। बाद में उस युवक ने लाश को पत्नी की मानने से इनकार कर दिया।
फातिमा गार्डन के पास एक बोरी में बंद महिला की लाश मिली थी। लाश के 15 टुकड़े किये गए थे। बोरी से बदबू आने के कारण जब लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तब सिर कटी लाश का खुलासा हुआ। मंगलवार को बलिया निवासी श्याम लिसाड़ीगेट थाने पहुंचा और बोला कि उसकी पत्नी 23 अक्टूबर से लापता चल रही है। उसने बताया कि परतापुर के ब्रज विहार कालोनी निवासी ट्रक चालक राजू के साथ उसकी पत्नी के अवैध संबंध थे।
पुलिस ने राजू के घर दबिश दी तो वो घर फरार मिला। पुलिस ने उसके परिजनों से काफी देर तक बातचीत की। वहीं, एसएसपी अजय साहनी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से बात की। उस क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किये जा रहे हैं और पड़ोसी शहरों से महिलाओं की मिसिंग रिपोर्ट मंगवाई जा रही है।
शुक्रवार को भी पुलिस ने कई लोगों से महिला की हत्या के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने शव के शिनाख्त में रुचि नहीं दिखााई। इंस्पेकटर लिसाड़ीगेट प्रशांत कपिल ने बताया कि इस हत्याकांड को खोलना चुनौती भरा है और इसे बहुत जल्द खोला जाएगा।

