जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: क्षेत्र के गांव रमाला में आयोजित दो दिवसीय शहीद अजय कुमार विशाल कबड्डी प्रतियोगिता में इटावा गांव की टीम ने चैंपियनशिप जीती। विजेता टीम को विधायक सहेन्द्र सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रमाला गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में विभिन्न प्रदेशों से 17 टीमों ने प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता 4 दिन 30 अक्टूबर से लेकर दो नवंबर की देर रात तक चली। प्रतियोगिता का उद्घाटन ग्राम प्रधान राज कुमार सिंह द्वारा किया गया था।
मुख्य अतिथि के तौर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाडी संजीव बालियान मुंडभर रहे। सेमी फाइनल मैच लखावटी उत्तर प्रदेश व स्थूरा हरियाणा के बीच हुआ। दूसरा सेमीफाइनल इटावा उत्तर प्रदेश व जींद हरियाणा के बीच हुआ। जिसमें लखावटी और इटावा टीमें जीतकर फाइनल में पहुंची।
फाइनल में लखावटी और इटावा के बीच रोमांचक मैच हुआ। दोनों टीमें आखिर तक बराबरी पर रही। बाद में एक नंबर से इटावा टीम ने फाइनल मैच जीता। इटावा टीम के कप्तान अजय मलिक समेत टीम को क्षेत्रीय विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने शिल्ड और उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि देहात में खिलाड़ी मेहनत करते हैं। खुद की मेहनत उनके काम आती है। यह गौरव की बात है। उन्होंने खिलाडियों को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर चांदवीर, विवेक कुमार, बालेश्वर, अरुण, विकास, सुभाष उर्फ सूबे सिंह, नरेन्द्र सिंह आदि ग्रामीणों का सहयोग रहा।

