- एक तरफ भाजपा अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा करती है वहीं भाजपा नेताओं के साथ अपराधी की फोटो दावे की पोल खोलती है: कांग्रेस
- भाजपा और सपा में अपराधियों के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ का दुष्परिणाम झेल रही है प्रदेश की जनता: अशोक सिंह
- भाजपा और सपा में नूरा कुश्ती, कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाये जा रहे आरोपों की पुष्टि हुई: कांग्रेस
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक एवं प्रवक्ता अशोक सिंह ने प्रयागराज में हुई राजू पाल हत्याकाण्ड में मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता सदाकत खान के साथ भाजपा और सपा नेताओं के साथ फोटो वायरल होने से मुख्यमंत्री द्वारा सदन में दहाड़कर यह कहना कि अपराधियों को जमींदोज कर दूंगा, की पोल खुल गयी है।
सिंह ने कहा कि भाजपा और सपा नेताओं की अपराधी के साथ फोटो सेशन की तस्वीरों की होड़ सी लग गयी है। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही आरोप लगाती रही है कि भाजपा और सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन आरोपों की पुष्टि हो गयी है। सदाकत खान की फोटो भाजपा और सपा के नेताओं के साथ होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ भाजपा अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा करती है, सदन में मुख्यमंत्री गरजते हैं कि अपराधियों को जमींदोज कर देंगे और खुद उनकी ही पार्टी के नेता अपराधी के साथ फोटो खिंचवाते नजर आते हैं, भाजपा के नेताओं के साथ अपराधी की फोटो वायरल होने पर यह साबित होता है कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में भेद है।
सिंह ने कहा कि सपा के शीर्ष नेता के साथ अपराधी की फोटो और भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के साथ फोटो जनता के सामने आ चुकी है। मुख्यमंत्री को इसका सच प्रदेश की जनता के सामने उजागर करना चाहिए।

