जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र की कार्यवाही आज फिर से शुरू होने के साथ ही लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। जिसके चलते दोनों सदनों की कार्रवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है जो 6 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान अनुदान मांग और केंद्रीय बजट के पारित होने के साथ ही राज्यसभा में 26 विधेयक और लोकसभा में 9 लंबित विधेयकों को रखा जाना है।
आज सदन में राहुल गांधी के लंदन में दिए गए बयान का मुद्दा भाजपा सांसदों ने उठाया और कार्रवाई की मांग की। गिरिराज सिंह ने कहा, कोई व्यक्ति जब देश के बाहर प्रधानमंत्री को अपमानित करता है तो वो देश को अपमानित करता है। जो लोकसभा में घंटों तक वक्तव्य दें और विदेश में जाकर कहें कि लोगों को बोलने नहीं दिया जाता, इस पर लोकसभा अध्यक्ष को कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, उन्होंने (राहुल गांधी) विदेशी जमीन पर भारतवासियों और सदन का अपमान किया है। भारत में वाक स्वतंत्रता है और संसद में सभी अपनी बात रखते हैं। उन्हें भारत के ऊपर इस प्रकार की टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
बता दें कि संसद के दोनों सदनों में 35 विधेयक लंबित हैं जिनको पास कराया जाना है ऐसे में सत्र के सुचारू रूप से संचालन को लेकर रविवार को राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई और सभी दलों से चर्चा की थी।