- निकाय चुनाव में दोनों पार्टियों को पहुंचेगी भारी क्षति
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: निकाय चुनाव में सपा रालोद गठबंधन की बुरी छीछालेदर हो रही है। कहा जा रहा है कि दोनों पार्टियां गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन जिस तरह से दोनों दलों के नेताओं में खींचतान हो रही है, उसको देखकर लगता है कि निकाय चुनाव में इन दोनों पार्टियों को भारी क्षति पहुंचेगी।
दरअसल, विधानसभा उपचुनाव के दौरान खतौली विधानसभा में जिस तरह से सपा रालोद और भीम आर्मी संयुक्त रूप से गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरी और एकता भी दिखाई थी, उसके बाद जिस तरह की सफलता इन दलों को मिली थी, उससे भाजपा भी घबरा गई थी, लेकिन माना जा रहा था कि निकाय चुनाव में भी सपा और रालोद गठबंधन के साथ ही चुनाव मैदान में उतरेंगी।
चुनाव में उतरे जरूर, लेकिन जगह जगह सपा और रालोद के प्रत्याशी आमने-सामने चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। इसके बाद एक तरह से सपा रालोद का गठबंधन बिखरता हुआ नजर आ रहा है। इस बिखराव का लाभ निश्चित रूप से भाजपा को मिलेगा। अब देख लीजिए मवाना नगर पालिका परिषद में ही दो प्रत्याशी सपा और रालोद के आमने-सामने हैं। अब जनता नहीं समझ रही है कि आखिर किसको वोट दें ?
जनता में भी संदेश ठीक नहीं जा रहा हैं। सपा-रालोद को लेकर जनता में भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई हैं। निकाय चुनाव में एक तरह से सपा और रालोद को आमने-सामने चुनाव लड़ने का नुकसान उठाना पड़ेगा और सपा रालोद की रणनीति के बाद भाजपा की बांछें खिल गई है। यह स्थिति मवाना नगर पालिका परिषद में ही नहीं, बल्कि किठौर और जनपद बिजनौर और बागपत में भी गठबंधन के प्रत्याशी आमने-सामने खड़े हैं, जिससे हालात एकदम विपरीत हो चले हैं ।
दरअसल, सपा और रालोद के गठबंधन के बाद यह माना जा रहा था कि खतौली उपचुनाव में जिस तरह का फार्मूला सपा और रालोद ने अपनाया है ठीक वैसा ही फार्मूला निकाय चुनाव में जगह-जगह अपनाया जाएगा। इसके बाद भाजपा को भारी नुकसान की संभावनाएं थी, लेकिन अब भाजपा सेफ मोड में है। राजनीति के जानकार भी कह रहे हैं कि एक तरह से निकाय चुनाव में सपा रालोद का गठबंधन टूट गया है।

जब जगह-जगह प्रत्याशी आमने सामने खड़े हैं तो ऐसे हालात में गठबंधन का चलना बेहद कठिन है। फिर सपा राष्टÑीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी भी बिखरते गठबंधन कोलेकर लगता है गंभीर नहीं हैं, तभी तो इस तरह का तमाशा निकाय चुनाव में जगह-जगह हो रहा हैं।
बसपा: चेयरमैन पद के उम्मीदवार घोषित
बसपा में कई दिनों से उम्मीदवारों की सूची को लेकर उठापटक चल रही थी। आखिर तमाम विरोधाभास के बीच बसपा ने शनिवार को चेयरमैन पद के उम्मीदवारों के नामों को एक तरह से हरी झंडी दिखाते हुए उनके नामों की घोषणा कर दी।
बहुजन समाजवादी पार्टी की तरफ से नगर निगम मेयर को छोड़कर तमाम नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के चेयरमैन पद के उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी।
भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित आनंद ने बताया कि नगर पालिका परिषद मवाना अध्यक्ष पद के उम्मीदवार इमरान इलाही, नगर पालिका परिषद सरधना अध्यक्ष पद की उम्मीदवार श्रीमती मेहरून्निसा पत्नी सुलेमान, नगर पंचायत दौराला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रजनीश कुमार, नगर पंचायत फलावदा के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राजू सैनी, नगर पंचायत किठौर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नाविदा चौहान, नगर पंचायत खरखोदा अध्यक्ष पद पर मनीषा त्यागी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
इसके अलावा नगर पंचायत शाहजहांपुर के उम्मीदवार तबर्रुक उल्लाह, नगर पंचायत हस्तिनापुर अध्यक्ष पद की उम्मीदवार संतोष देवी, नगर पंचायत बहसूमा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विनोद कुमार, नगर पंचायत परीक्षितगढ़ अध्यक्ष पद के उम्मीदवार गुलवीर सिंह, नगर पंचायत सिवालखास अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अकबरी, नगर पंचायत खिवाई अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रंगीला पत्नी तस्लीम, नगर पंचायत करनावल अध्यक्ष पद के उम्मीदवार ऋषिपाल को घोषित किया गया है।

