- बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी लंबी आयु की कामना की
जनवाणी ब्यूरो |
हरिद्वार: शहर में देहात क्षेत्र में सोमवार को बहन-भाई के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ परंपरागत तरीके से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक कर जहां उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपने प्रेम को दर्शाया।
पांच पर्वो की लड़ी में शामिल भैया दूज का पर्व सोमवार को क्षेत्र में धूमधाम से मना। सुबह ही घरों में इस पर्व की धूम शुरू हो गई थी। बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की और भाइयों की ओर से उन्हे उपहार भेंट किए गए। परंपरा के अनुसार बहनों ने भाइयों को तिलक लगाने के बाद नारियल आदि भी दिए।
इस पर्व पर शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति रहा जिसके माथे पर लाल रंग का तिलक न सजा हो अन्यथा सबके माथे पर लगे टीके भैया दूज पर्व की महत्ता का अहसास करा रहे थे। परिवार के जहां बड़े सदस्यों ने इस पर्व की परंपरा को निभाया वहीं छोटे-छोटे बच्चों पर भी इस पर्व का रंग खूब देखा गया। बाजारों में खासी भीड़ देखी गई। विशेषकर मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर लोगों की अधिक भीड़ थी।

मिठाइयों की जमकर खरीददारी हुई। दीपावली के बाद एक बार फिर से दुकानों के बाहर तरह-तरह की मिठाइयां सजी दिखाई दी और उनके खरीददारों का तांता लगा हुआ था। भैया दूज के पर्व को लेकर वाहनों में भी खासी भीड़ थी। विवाहित बहनों की ओर से भैया दूज का पर्व मनाने के लिए भाइयों के घर जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। सड़कों पर खासी भीड़ देखी गई। ट्रेनों में भी आम दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या अधिक थी।
भैया दूज के त्यौहार को देखते हुए बाजार में गोले की मांग मंगलवार को आम दिनों की अपेक्षा कई गुना रही। बाजार में गोलों के लिए महिलाएं दुकानों पर पहुंचती रही। गोले की बिक्री को लेकर दुकानदारों ने इसे पिछले काफी दिनों से भैया दूज के लिए स्टोर कर रखा था। किरयाणे की दुकानों के अलावा गोला इस बार अन्य दुकानदारों पर बिक्री के लिए सजा दिखाई दिया।
हरिद्वार धर्मनगरी के अलावा शिवालिक नगर, बहादराबाद, लक्सर, खानपुर, रुड़की शिक्षा नगरी, धनौरी, बुग्गावाला, भगवानपुर, इकबालपुर, झबरेड़ा, नारसन, मंगलौर,लंढौरा,पिरान कलियर, सुल्तानपुर, खानपुर, इमली खेड़ा आदि सभी क्षेत्रों में भैया दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया है। आज बाजारों के अलावा सड़कों पर भी काफी रौनक रही। बस के अलावा लोगों ने निजी वाहनों से भी आवागमन जारी रखा।

