जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाली नगर पंचायत पुरकाजी में दूसरी बार चेयरमैन निर्वाचित हुए किसान नेता जहीर फारूकी को भारतीय किसान यूनियन के केन्द्रीय नेतृत्व ने एक और बड़ी जिम्मेदारी दी है। जहीर फारूकी एडवोकेट को अब यूनियन में सहारनपुर जिले का प्रभारी नियुक्त करते हुए उनको संगठन का विस्तार करने और किसानों के हितों के लिए संघर्ष को मजबूत बनाने की उम्मीद केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा जताई गई है।
नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारूकी एडवोकेट वर्तमान में भारतीय किसान यूनियन उत्तर प्रदेश के महासचिव पद का कार्यभार ग्रहण करने के साथ साथ यूनियन में राष्ट्रीय समिति में बतौर सलाहकार कार्य कर रहे हैं। जहीर फारूकी एडवोकेट को अब केन्द्रीय नेतृत्व ने जिला प्रभारी सहारनपुर के पद पर नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने जहीर फारूकी से उम्मीद जताते हुए कहा कि वो अपनी प्रगतिशील एवं सभी समाज को साथ लेकर चलने वाली विचारधारा और अच्छी कार्यशैली के साथ-साथ स्व. चैधरी महेन्द्र सिंह टिकैत साहब की नीतियों का प्रचार-प्रसार करते हुए जनपद सहारनपुर के संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
इस विश्वास के लिए चेयरमैन जहीर फारूकी ने केन्द्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए भरोसा दिया है कि वो पूर्व की भांति इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन भी ईमानदारी और निष्पक्ष होकर संगठन तथा किसान हित के लिए करेंगे। उन्होंने कहा कि वो पहले ही दिन से इस जिम्मेदारी को संभालकर संगठन को शक्ति प्रदान करेंगे और सबसे पहले संयुक्त किसान मोर्चा के आह्नान पर प्रस्तावित 14 मार्च के दिल्ली किसान महापंचायत कूच में जनपद मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के साथ ही वेस्ट यूपी से एक मजबूत भागीदारी दिलाने का काम किया जायेगा।

