जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पूर्व सांसद डॉक्टर संजीव बालियान के बयान के बाद भाजपा के दो दिग्गज नेता आमने-सामने हो गए हैं। सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने मंगलवार को दो टूक कह दिया कि डॉक्टर संजीव बालियान अपनी हार के लिए खुद जिम्मेदार है। बुढ़ाना और चरथावल दोनों विधानसभा क्षेत्र में डॉक्टर संजीव बालियान की हार हुई है। यह दोनों विधानसभा उनका घर है। उन्होंने पार्टी हाई कमान से पूरे मामले की जांच करने की मांग की है तथा कहा है कि सरधना विधानसभा से उन्होंने संजीव बालियान को जितवा कर भेजा है।
डॉ. संजीव बालियान के आरोप को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। संगीत सोम ने कहा कि खतौली विधानसभा में लीड होनी चाहिए थी। मुजफ्फरनगर सिटी से लीड होती रही है, लेकिन इस बार लीड नहीं हुई। इन बिंदुओं पर भी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी के साथ भाजपा के गठबंधन का कोई लाभ नहीं हुआ। जब भाजपा अकेली लड़ी थी तो ज्यादा वोट हासिल किए थे। दरअसल, भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. संजीव बालियान और पूर्व विधायक संगीत सोम कुछ बिंदुओं को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। लोकसभा चुनाव से ही दोनों में अनबन रही तब से दोनों एक दूसरे के खिलाफ खड़े हैं।

