- विधायक अतुल प्रधान ने दिखाया अवैध कटान अपर आयुक्त के सामने कराई पैमाइश
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: कांवड़ मार्ग गंगनहर की दाई पटरी पर पेड़ों के कटान मामले में मंगलवार को अधिकारियों की टीम जांच करने पहुंची। सूचना मिलते ही विधायक अतुल प्रधान भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पटरी पर कई जगह पैमाइश कराई। विधायक ने कहा कि पटरी पर बड़े स्तर पर पेड़ों का अवैध कटान हुआ है। सड़क निर्माण के नाम पर पर्यावरण की हत्या नहीं करने दी जाएगी।
चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग गंगनहर की दाई पटरी पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। जिसके लिए 1.12 लाख पेड़ों का कटान होना है। पेड़ कटान को लेकर विवाद बना हुआ है। विधायक अतुल प्रधान ने आरोप लगाया था कि सड़क निर्माण के नाम पर अनुमति से कई गुना अधिक पेड़ काटे जा रहे हैं। कई सौ साल पुराने पेड़ भी काट दिए गए। विकास के नाम पर हरियाली को लीलने का काम किया जा रहा है। विधायक की शिकायत के बाद कई बार अधिकारियों की टीम जांच कर चुकी है। मामले में कमिश्नर ने जांच टीम गठित कर रखी है।
इसी बीच विधायक ने मामले की शिकायत एनजीटी को कर दी। एनजीटी ने शिकायत स्वीकार करते हुए लोक निर्माण विभाग से पेड़ कटान की सैटेलाइट फुटेज मांग ली है। मंगलवार को अपर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम फिर से जांच करने पटरी पर पहुंची। सूचना मिलते ही विधायक अतुल प्रधान भी समर्थकों के साथ पहुंच गए। टीम ने सबसे पहले अटेरना मोड़ पर पैमाइश की। जहां कुछ मीटर अधिक कटान पाया गया। इसके आगे भी यही हाल मिली।
वहीं, मंढियाई और नानू के बीच हालत अधिक खराब मिली। अपर आयुक्त ने जांच रिपोर्ट तैयार करके कमिश्नर को सौंपने की बात कही। इस मौके पर एडीएम ई बलराम सिंह, डीएफओ राजेश कुमार, एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, वन रेंजर कुलदीप कुमार, सपा नगर अध्यक्ष अशरफ राणा, अली शाह, जितेंद्र पांचाल, शादाब खान, आफताब अंसारी आदि मौजूद रहे।
सर्कुलर रोड 210बी में काटवा दिए हरे पेड़
मेरठ: सर्कुलर रोड स्थित बंगला 210बी एक बार फिर चर्चाओं में है। मंगलवार को इस बंगले में लगे कई हरे पेड़ कटवा दिए गए हैं। आरोप है कि वन विभाग की अनुमति के बगैर हरे भरे पेड़ों पर आरी चलवा दी गयी है। यह काम गुपचुप तरीके से मजदूरों को बुलाकर कराया गया है। जो मजदूर हरे पेड़ों पर आरी चला रहा वायरल हो रहे एक वीडियो में वह कह रहा है कि निशांत परूथी नाम के शख्स ने उन्हें इन पेड़ों को काटने के लिए मजदूरी पर बुलाया है। उन्हीं के कहने पर ये पेड़ काटे जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि किसी भी पेड़ का कटान करने से पहले वन विभाग की अनुमति जरूरी होती है। इतना ही नहीं अनुमति तभी दी जाती है।
जब आवेदन में कोई माकूल बात लिखी गयी हो, लेकिन 210बी के हरे भरे पेड़ काटने के लिए अनुमति तो दूर की बात रही किसी को भनक तक नहीं लगने दी गयी, लेकिन तमाम चौकसी के बाद भी किसी शख्स से अवैध कटान की वीडियो बनाकर वायरल कर दी है। इस मामले को लेकर कुछ पर्यावरण प्रेमी डीएफओ से शिकायत की बात कह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इन दिनों पीएम मोदी के आह्वान पर एक पौधा मां के नाम अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसमें तमाम सरकारी एजेन्सियों के अलावा प्राइवेट संगठन व पर्यावरण प्रेमी भी सहयोग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर हरे भरे पेड़ों का कटान कराकर पीएम मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को पलीता लगाने का काम किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि बंगला 210बी में हरे पेड़ कटवाने वालों के खिलाफ वन विभाग क्या कार्रवाई करता है।

