- न्यू गाजियाबाद टपरी ट्रैक पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने की चल रही कवायद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली रेलवे मंडल के डीआरएम सुखविंदर सिंह ने शनिवार को यहां सर्किट हाउस में कहा कि न्यू गाजियाबाद टपरी सहारनपुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने सिग्नल अपग्रेड करने का कार्य शीघ्र शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रयास है कि भारत में ट्रेनों की स्पीड को बढ़ाया जाए। उत्तर रेलवे के दिल्ली डिवीजन में न्यू गाजियाबाद से लेकर सहारनपुर के टपरी स्टेशन तक रेलवे लाइन पर अभी तक ट्रेनों को 110 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ाया जा सकता है। प्रधानमंत्री के मिशन में उक्त ट्रैक को शामिल करके उसकी स्पीड 130 किलोमीटर प्रतिघंटा करने का निर्णय लिया गया। ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने को न्यू गाजियाबाद से टपरी तक नई रेलवे लाइन बिछा दी गई। उसके नीचे के सभी स्लीपरों को भी बदल दिया गया।
उक्त ट्रैक में छोटे मोटे गड्ढों को दूर करके उसे स्मूथ बनाने के लिए अत्याधुनिक मशीन से रेलवे ट्रैक की ग्राइंडिंग का कार्य भी पूरा कर दिया गया। ट्रैक 130 की स्पीड पर ट्रेनों को दौड़ाने के लिए तैयार हो गया है, लेकिन सिग्नल सिस्टम को अपग्रेड किया जाना है। शनिवार को यहां सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने के बाद जनवाणी से विशेष बातचीत में डीआरएम सुखविंदर सिंह ने कहा कि न्यू गाजियाबाद टपरी ट्रैक पर 130 की स्पीड से ट्रेनें चलाने के लिए ट्रैक तो तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि मेरठ के सिटी स्टेशन के कायाकल्प योजना का थीम क्रांतिधारा पर आधारित होगा।
मेरठ से लखनऊ के लिए शीघ्र चलेंगी वंदे भारत ट्रेन
डीआरएम दिल्ली डिवीजन सुखविंदर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरठ को शीघ्र एक बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है। यह ट्रेन मेरठ से लखनऊ के तक संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन का रैक तैयार किया जा रहा है। रैक मिलते ही इस रूट पर उतार दिया जाएगा।
सिटी स्टेशन के यार्ड में जलभराव देख भड़के डीआरएम
दिल्ली रेलवे मंडल के डीआरएम सुखविंदर सिंह ने शनिवार की शाम सिटी स्टेशन के यार्ड में गंदगी और जलभराव देखकर भड़क गए। उन्होंने अफसरों की क्लास ली और उन्हें जलभराव की समस्या के निपटने के लिए नाली को ठीक कराने के आदेश दिए। डीआरएम सुखविंदर सिंह शनिवार को सिटी स्टेशन के कायाकल्प योजना को लेकर जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव लेने व उनकी शंकाओं को दूर करने के लिए आये थे। दोपहर 3:11 मिनट पर डीआरएम स्पेशल इंस्पेक्शन ट्रेन से अधिकारियों के साथ पहुंचे।
उनके आगमन को लेकर दिनभर स्थानीय रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। सर्किट हाउस से लौटने के बाद सुखविंदर सिंह सिटी स्टेशन पहुंचे तो उनकी निगाह यार्ड में लाइन नंबर-एक व दो पर पड़ी। रेलवे लाइन पर चिप्स के पैकेट, गंदे कपड़े पडेÞ थे और नाली का पानी बाहर बह रहा था। यह देखकर डीआरएम भड़क गए। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक, सेनेटरी इंस्पेक्टर की क्लास ली। एसएस राजपाल सिंह ने बताया कि नाली फ्लो खराब है, जिस कारण नाली में पानी भरा रहता है। डीआरएम ने नाली को ठीक कराने के आदेश दिए। डीआरएम के जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

