जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रियंका गांधी केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका को प्रत्याशी बनाने की औपचारिक घोषणा कर दी है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रियंका को प्रत्याशी बनाए जाने का एलान किया। बता दें कि प्रियंका खुद भी वायनाड से पार्टी का प्रतिनिधित्व करने को लेकर हामी भर चुकी हैं। विगत जून महीने में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की घोषणा के बाद प्रियंका ने कहा था कि यहां से चुनाव लड़ना उनका सौभाग्य होगा।
केरल की तीन सीटों पर चुनाव, एक लोकसभा, दो विधानसभा
उन्होंने चुनाव लड़ने वाले तीन प्रत्याशियों की सूची जारी की। कांग्रेस पार्टी के बयान के मुताबिक लोकसभा उपचुनाव में वायनाड से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी, जबकि केरल की ही दो खाली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में पलक्कड़ सीट पर राहुल ममकुताथिल चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित चेल्लाकरा विधानसभा सीट से पार्टी ने महिला नेता राम्या हरिदास को उम्मीदवार बनाया है।

