जनवाणी संवाददाता
शामली: पानीपत—खटीमा हाइवे पर सडक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं पंजाब के जालंधर में कारपेंटर का काम करने वाले जलालाबाद के दो युवकों की सडक हादसे में मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जलालाबाद में ही पूर्व चेयरमैन के भतीजे की छत से गिर मौत हो गई। पांच युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव अगड़ीपुर निवासी अनिल व शीशपाल और कैराना के गांव जंधेडी निवासी आमिर बिजली मिस्त्री हैं। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मंगलवार रात करीब डेढ बजे तितावी से काम करके वापस लौट रहे थे। जब वह पानीपत खटीमा हाइवे पर बाबरी थाना क्षेत्र में संस्कृति स्कूल के पास पहुंचे तो बाइक फिसलने से हादसे में अनिल व शीशपाल की मौत हो गई जबकि आमिर घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं जलालाबाद निवासी माजिद अब्बासी, मेहराज और अनस मलिक पंजाब के जलंधर में कारपेंटर का काम करते हैं। मंगलवार की रात को अपने कमरे से खाना खाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में स्कार्पियो सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी जिसमें माजिद और अनस की मौत हो गई जबकि मेहराज गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अमृतसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक वेंटिलेटर पर है।
वहीं जलालाबाद में पूर्व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार का भतीजा इहाब अपने परिजनों के साथ मोहल्ला जामिन अली स्थित आवास पर नये सोलर पैनल छत पर चढ़ा रहे थे उसी वक्त ईहाब का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह दूसरी मंजिल से सर के बल नीचे गिर गया। परिजन घायल को अस्पताल में ले गए लेकिन गंभीर हालत में उसे रैफर कर दिया। युवा पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जनपद के पांच युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

