नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। विवेक अग्निहोत्री की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ रिलीज से पहले ही चर्चाओं में बनी हुई थी और आज यह आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की स्टार कास्ट में शामिल दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शकों से फिल्म देखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कहानी लोगों तक जरूर पहुंचनी चाहिए। इसके साथ ही अनुपम खेर ने निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दी हैं।
अनुपम खेर ने फिल्म की स्क्रीनिंग से दो तस्वीरें की शेयर
दरअसल, अनुपम खेर ने अपने एक्स अकाउंट पर फिल्म से जुड़ी एक पोस्ट की है। इस पोस्ट में अनुपम ने फिल्म की स्क्रीनिंग से दो तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें एक तस्वीर में अनुपम अकेले रेड कार्पेट पर खड़े पोज दे रहे हैं। जबकि दूसरी तस्वीर में निर्देशक विवेक अग्निहोत्री समेत फिल्म की पूरी कास्ट नजर आ रही है। इन तस्वीरों के साथ ही अनुपम ने कैप्शन में लिखा है, ‘विवेक अग्निहोत्री, पल्लवी जोशी और अभिषेक अग्रवाल समेत द बंगाल फाइल्स की पूरी टीम को फिल्म की रिलीज के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। यह हमारे समय के लिए एक महत्वपूर्ण फिल्म है। जाइए और इसे थिएटर्स में देखिए।’
अनुपम खेर महात्मा गांधी के किरदार में आएंगे नजर
बता दें कि, विवेक अग्निहोत्री की फाइल्स सीरीज की नई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में अनुपम खेर महात्मा गांधी की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म से उनका लुक सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया था। अनुपम खेर के इस रोल को लेकर विवेक अग्निहोत्री ने अमर उजाला को बताया था कि पहले अभिनेता ने इस रोल को करने से मना कर दिया था। जिसके बाद उन्होंने किसी और को फिल्म में कास्ट किया था। हालांकि, बाद में अनुपम खेर ने खुद विवेक अग्निहोत्री को फोन करके कहा कि वो इस फिल्म को करना चाहते हैं।
फिल्म नोआखली दंगों पर आधारित है
विवेक अग्निहोत्री द्वारा लिखित और निर्देशित ‘द बंगाल फाइल्स’ 1946 के कलकत्ता हत्याओं और नोआखली दंगों पर आधारित है। फिल्म की स्टारकास्ट में अनुपम खेर के अलावा पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती, सिमरत कौर रंधावा, पुनीत इस्सर, सास्वता चटर्जी, नमाशी चक्रवर्ती, राजेश खेरा, प्रियांशु चटर्जी और दिब्येंदु भट्टाचार्य शामिल हैं।

