जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना देवबंद पुलिस ने फर्जी जमानत दिलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी के अनुसार देवबंद थाना क्षेत्र में फर्जी जमानत दिलाने से जुड़ा मामला सामने आया था। जांच में जानकारी मिली कि आरोपियों ने डकैती, लूट, हत्या, चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अवैध शस्त्र जैसे गंभीर मामलों में दर्ज मुकदमों के आरोपियों को कूटचरित दस्तावेजों और धोखाधड़ी के जरिए जमानतें दिलाईं और इससे अनुचित आर्थिक लाभ प्राप्त किया।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व में ली गई जमानतों का उल्लेख किए बिना न्यायालय को गुमराह कर फर्जी तरीके से जमानत दिलाने का काम किया।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम गोविन्द पुत्र सूरजभान, सतीश पुत्र सूरजभान, ऋषिपाल पुत्र टोनी निवासी ठोकरपुर, राकेश पुत्र छतरू निवासी मानकी, ओमप्रकाश पुत्र नोती सिंह निवासी तल्हेड़ी खुर्द और अययूब पुत्र महबूब निवासी मोहल्ला अब्दुलहक, सभी थाना देवबंद है।

