जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में अपने पांव पसार लिए हैं। बुधवार सुबह सात बजे से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। खासकर बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से सटे दक्षिणी जिलों में गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
32 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 32 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, पीलीभीत, शाहजहांपुर सहित कई जिले शामिल हैं।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री और प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, शुष्क पछुआ हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल तक इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आ सकता है और बादलों की आवाजाही बढ़ने से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
स्कूलों के समय में बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिले में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित होंगे। जिलाधिकारी विशाख जी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है और अधिकारियों को सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी में भी गर्मी का असर जारी
राजधानी में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार के मुकाबले करीब 1.4 डिग्री कम रहा, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत महसूस नहीं हुई। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग छांव की तलाश करते नजर आए।

