जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना क्षेत्र की पशु पैठ में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पशु पैठ में आए कुछ व्यापारियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि फायरिंग से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था और पशु पैठ में आमना-सामना होने पर मामला उग्र हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।

