जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और लूट के 500 रुपये बरामद हुए हैं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी मनोज यादव ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 4/5 मई की रात कोतवाली देहात पुलिस देवला-सरकड़ी खुमार मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया और मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहजान पुत्र अहसान निवासी मोहम्मदपुर गाढ़ा, थाना जनकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह थाना कोतवाली देहात में दर्ज लूट के मामले में वांछित था। इसके अलावा उस पर जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली देहात में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

