जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के देवबंद आगमन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जड़ौदा जट्ट स्थित जनसभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
मुख्यमंत्री के संबोधन को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। सभा स्थल पर बनाए गए विशाल वाटरप्रूफ पंडाल में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री जिले की करीब 2400 करोड़ रुपये की 350 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है।
कार्यक्रम स्थल पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की आवाजाही भी लगातार बनी हुई है। मुख्यमंत्री के कुछ ही देर में कार्यक्रम स्थल पहुंचने की संभावना है।

