जनवाणी ब्यूरो |
नोएडा: सेक्टर-64 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में शनिवार को आयोजित सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) परीक्षा तकनीकी खामी के कारण शुरू नहीं हो सकी। घंटों इंतजार के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से नाराज छात्रों और अभिभावकों ने केंद्र के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परीक्षा के लिए अभ्यर्थी समय से केंद्र पहुंच गए
जानकारी के अनुसार, सुबह नौ बजे निर्धारित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी समय से केंद्र पहुंच गए थे। लंबी कतारों के बाद परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलने पर भी उन्हें अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि उन्हें एक से दो घंटे तक परीक्षा शुरू होने का इंतजार कराया गया, जबकि कई कमरों में पंखे तक नहीं चल रहे थे। भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थी लगातार परीक्षा शुरू होने की उम्मीद में बैठे रहे, लेकिन तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए अंततः परीक्षा रद्द कर दी गई।
प्रदर्शन में शामिल अनुज ने बताया कि उनके भाई की परीक्षा सुबह नौ बजे थी। वह सुबह 6:30 बजे उन्हें केंद्र छोड़कर घर लौट गए थे और करीब दस बजे वापस पहुंचे, लेकिन तब तक कोई भी छात्र बाहर नहीं आया था। जानकारी के अनुसार, केंद्र के भीतर लगातार यह घोषणा की जा रही थी कि तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा शुरू नहीं हो पा रही है। बाद में बाहर आए एक छात्र ने बताया कि दो घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परीक्षा शुरू नहीं हुई और छात्रों को बाहर निकलने की अनुमति भी नहीं दी जा रही थी।
कई महीनों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे कई महीनों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। 12वीं के बाद देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के रद्द होने से उनके भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही केंद्र के बाहर छात्रों और अभिभावकों का आक्रोश फूट पड़ा। देर तक चले विरोध-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि तकनीकी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं थीं तो परीक्षा आयोजित करने से पहले उनकी जांच की जानी चाहिए थी, ताकि छात्रों को इस तरह की परेशानी और मानसिक तनाव का सामना न करना पड़ता।

