जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर गुरुवार को गोल्ड ईटीएफ (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) और सिल्वर ईटीएफ पर भी देखने को मिला। कारोबार के दौरान कई प्रमुख ईटीएफ में करीब 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार, सिल्वर ईटीएफ में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ (सिल्वर बीईईएस) 3.99 प्रतिशत गिरकर 202.58 रुपये पर आ गया। वहीं एसबीआई सिल्वर ईटीएफ 3.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 208.26 रुपये, एचडीएफसी सिल्वर ईटीएफ 4 प्रतिशत गिरकर 200.39 रुपये और टाटा सिल्वर ईटीएफ 3.92 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 20 रुपये पर पहुंच गया।
गोल्ड ईटीएफ भी दबाव में
सोने से जुड़े ईटीएफ में भी गिरावट दर्ज की गई। निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ (गोल्डबीईईएस) 2.21 प्रतिशत गिरकर 114.55 रुपये, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ 2.76 प्रतिशत घटकर 117.95 रुपये, एसबीआई गोल्ड ईटीएफ 2.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 118.17 रुपये और एचडीएफसी गोल्ड ईटीएफ 2.64 प्रतिशत फिसलकर 117.75 रुपये पर आ गया।
घरेलू बाजार में भी सस्ता हुआ सोना
सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी का सिलसिला घरेलू बाजार में भी जारी रहा। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 2,156 रुपये घटकर 1,40,022 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। इससे पहले यह 1,42,178 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,30,235 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,28,260 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। 18 कैरेट सोने की कीमत भी गिरकर 1,05,017 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जो पहले 1,06,634 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला-जुला कारोबार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में मिला-जुला रुख देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,010.32 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 0.94 प्रतिशत गिरकर 57.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
फेड के संकेतों से दबाव में कीमती धातुएं
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत और डॉलर इंडेक्स के 101 के पार पहुंचने से सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा है। मजबूत डॉलर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की मांग प्रभावित होती है, जिससे कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है।

