जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सहारनपुर पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ शिवभक्तों की सेवा में भी लगातार जुटी हुई है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर ड्यूटी में तैनात पीआरवी-0068 के आरक्षी राहुल पांचाल और होमगार्ड खुर्शीद ने पैर में चोट लगने से परेशान एक शिवभक्त कांवड़िए का प्राथमिक उपचार कर घाव पर पट्टी बांधी, जिसके बाद वह दोबारा यात्रा पर रवाना हो सका।
थाना प्रभारी सरसावा प्रवेश कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अस्वस्थ मिले एक शिवभक्त को पानी पिलाया तथा पुलिसकर्मियों की मदद से उसकी कांवड़ उठवाकर उसे उसके साथियों तक सुरक्षित पहुंचाया। वहीं, बीती रात सरसावा-नकुड़ मार्ग पर ग्राम अगवानहेड़ा के निकट रास्ता भटक गए पांच शिवभक्त कांवड़ियों को थाना सरसावा पुलिस ने सही मार्ग की जानकारी देकर सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और हरसंभव सहायता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ लगातार ड्यूटी निभा रही है।

